वाराणसी: बड़ागांव पुलिस ने चोरी की महिन्द्रा पिकअप के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार
अमित मिश्रा की रिपोर्ट : कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन अंतर्गत थाना बड़ागांव पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए चोरी की एक महिन्द्रा पिकअप के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
चकखरावन के पास वाहन चेकिंग में मिली सफलता
पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, दिनांक 26 मार्च 2026 को उ0नि0 अविनाश सिंह, चौकी प्रभारी साधोगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम चकखरावन क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध वाहन की जांच में एक महिन्द्रा पिकअप (संख्या: यूपी 65 एआर 3287) बरामद की गई।
वाहन के साथ मौजूद अभियुक्त मुन्ना यादव पुत्र जयप्रकाश यादव, निवासी ग्राम बाघमारा, थाना मनियारी, जनपद कटिहार (बिहार), उम्र लगभग 25 वर्ष को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
चोरी की निकली पिकअप, भदोही से किया था वाहन पार
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि बरामद महिन्द्रा पिकअप चोरी की है। उसने बताया कि यह वाहन उसने लक्षापुर, जनपद भदोही के पास से चोरी किया था। पुलिस को देखते ही वह वाहन छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
वाहन स्वामी से ई-चालान एप के जरिए हुआ संपर्क
पुलिस द्वारा वाहन की जांच के दौरान नंबर प्लेट के आधार पर ई-चालान एप के माध्यम से वाहन स्वामी चन्द्रशेखर पटेल पुत्र हूबनाथ से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2026 को उन्होंने अपनी पिकअप लक्षापुर चौरी (भदोही) के पास एक धर्म कांटा के निकट खड़ी की थी और विन्ध्याचल देवी दर्शन के लिए गए थे।
देर रात लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला, जिसे अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था।
मुकदमा दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी
इस संबंध में थाना बड़ागांव पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 0112/2026, धारा 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और आगे भी इस तरह के अभियानों को और तेज किया जाएगा।
LATEST NEWS