काशी जोन कमिश्नरेट वाराणसी के अंतर्गत थाना जैतपुरा पुलिस को ऑनलाइन जुआ खेलने और खिलवाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना जैतपुरा पुलिस टीम एवं SOG 2 की संयुक्त कार्रवाई में 02 शातिर अभियुक्तों और 01 अभियुक्ता को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से जुआ का माल 4850 रुपये तथा 02 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई दिनांक 03.02.2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त अपराध तथा अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय के पर्यवेक्षण में पुलिस उपायुक्त जोन काशी के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया जा रहा था। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक थाना जैतपुरा के कुशल नेतृत्व में थाना जैतपुरा पुलिस टीम तथा SOG 2 प्रभारी उ0नि0 श्री अभिषेक पाण्डेय की टीम द्वारा दिनांक 03.02.2026 को मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि भगवानाला चौरा माता मंदिर के पास कुछ व्यक्ति ऑनलाइन भाग्यलक्ष्मी वेबसाइट के माध्यम से जुआ खेल रहे हैं और एक महिला ऑनलाइन भाग्यलक्ष्मी लॉटरी का जुआ खिलवा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए 02 जुआ खेलने वाले अभियुक्तों तथा 01 जुआ खिलवाने वाली अभियुक्ता को भगवानाला चौरा माता मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संतोष कुमार सोनकर पुत्र स्वर्गीय सीताराम निवासी एस 18 36 भगवानाला थाना जैतपुरा वाराणसी उम्र 38 वर्ष तथा मनोज कुमार सोनकर पुत्र जगरनाथ सोनकर निवासी एस 10 244 भगवानाला थाना जैतपुरा वाराणसी उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है। इसके अतिरिक्त 01 महिला अभियुक्ता उम्र 32 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से जुआ का माल 4850 रुपये तथा 02 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन भाग्यलक्ष्मी नाम का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर जुआ खेलते और खिलवाते थे। ग्रुप से जुड़े लोग अपने अपने मोबाइल से नंबर बताते थे और यदि ऑनलाइन वही नंबर निकल जाता था तो वे जीत जाते थे। बरामद की गई धनराशि जुए में जीती गई रकम है। उक्त गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना जैतपुरा पर म0अ0सं0 028/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी दिनांक 03.02.26 समय 15.10 बजे स्थान भगवानाला चौरा माता मंदिर के पास थाना जैतपुरा कमिश्नरेट वाराणसी से की गई। इस पूरी कार्रवाई में उ0नि0 सत्यदेव चौकी प्रभारी सरैया जैतपुरा, उ0नि0 अजय कुमार, म0उ0नि0 रागिनी शर्मा, म0का0 नीलम राव, का0 रिंकू, SOG 2 प्रभारी उ0नि0 श्री अभिषेक पाण्डेय, का0 सचिन मिश्रा तथा का0 अखिलेश गिरी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन जुआ जैसी गतिविधियों पर सख्ती जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
