मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम गोरखपुर को दो बड़ी यातायात परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने खजांची फ्लाईओवर और बरगदवा रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बरगदवा रेल ओवरब्रिज पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण भी किया और कुछ दूरी तक पैदल चलकर कार्य की मजबूती और संरचना को परखा।
बरगदवा चौराहे से जेल रोड की ओर नकहा जंगल और मानीराम स्टेशनों के बीच समपार संख्या 5 ए पर निर्मित रेल उपरिगामी सेतु का लोकार्पण मुख्यमंत्री ने किया। इस ओवरब्रिज के निर्माण पर 152.19 करोड़ रुपये की लागत आई है। कुल 1092 मीटर लंबा यह ओवरब्रिज रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या को काफी हद तक खत्म करेगा। इससे न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी बल्कि गोरखपुर महानगर के उत्तरी हिस्से की यातायात व्यवस्था भी पहले से कहीं अधिक सुगम हो जाएगी। मेडिकल कॉलेज होते हुए महाराजगंज की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी अब रास्ता आसान हो गया है।
बरगदवा के लोकार्पण स्थल से ही मुख्यमंत्री ने खजांची चौराहे पर निर्मित फ्लाईओवर का भी लोकार्पण किया। इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 96.50 करोड़ रुपये की लागत आई है। 605 मीटर लंबा यह फ्लाईओवर जेल बाईपास को स्पोर्ट्स कॉलेज रोड से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करता है। इसके चालू होने से कौवाबाग से खजांची चौराहा होते हुए फर्टिलाइजर कारखाना और सोनौली रोड की ओर आवागमन अब अधिक सहज और तेज हो गया है।
इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से गोरखपुर शहर में जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने से लोगों का समय बचेगा और यातायात का दबाव भी कम होगा। प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में ऐसी और परियोजनाएं शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरी की जाएंगी।
