वाराणसी में पुलिस और एसओजी की मुठभेड़ में दो बदमाश घायल चार किलो चांदी और नकदी बरामद एसओजी प्रभारी भी हुए घायल
वाराणसी: देर रात पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त कार्रवाई के दौरान लंका थाना क्षेत्र के लौटुबीर के पास हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के दोनों पैरों में गोली लगी जबकि एसओजी प्रभारी गौरव कुमार के हाथ में भी गोली लगी है। तीनों घायलों को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार घायल बदमाश चौक थाना क्षेत्र में 16 जुलाई को हुई 27 किलो से अधिक चांदी की लूट की घटना में शामिल थे। उनके कब्जे से चार किलो चांदी और कुछ नकद रुपए भी बरामद किए गए हैं।
16 जुलाई की चांदी लूट की घटना में थी तलाश
मुठभेड़ के बाद मौके पर पहुंचे एसीपी दशाश्वमेध ने बताया कि 16 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण व्यवसायी के कर्मचारी से 27 किलो से अधिक चांदी लूट ली गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया था और लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में सोमवार देर रात एसओजी प्रभारी गौरव कुमार और चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा सावन ड्यूटी समाप्त होने के बाद मामले की समीक्षा कर रहे थे। तभी सूचना मिली कि लूट की वारदात में शामिल दो आरोपी लूट के माल के साथ लंका थाना क्षेत्र के लौटुबीर इलाके में मौजूद हैं।
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही टीम ने लौटुबीर के पास पहुंचकर एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के दोनों पैरों में गोली लगी जबकि एसओजी प्रभारी गौरव कुमार के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद सभी घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है।
क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर की थी लूट
पीड़ित व्यवसायी विनय सोनी ने बताया कि उनकी सुड़िया स्थित हेमा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 16 जुलाई 2026 की शाम उनका कर्मचारी रेशम कटरा स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के लिए 27 किलो 327 ग्राम चांदी लेकर जा रहा था। उसके साथ महालक्ष्मी ज्वेलर्स का एक कर्मचारी भी मौजूद था। दोनों जब गोविंदपुरा मोड़ के पास पहुंचे तभी बाइक सवार दो व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए झोले की जांच की और उसमें चांदी होने की जानकारी मिलने पर झोला अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों से मालिक को बुलाने के लिए कहा और मौके से फरार हो गए।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस कर रही थी तलाश
चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम लगातार तकनीकी और अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी जांच के दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
चार किलो चांदी और नकदी बरामद आगे होगी पूछताछ
एसीपी दशाश्वमेध ने बताया कि घायल आरोपियों के कब्जे से चार किलो चांदी और कुछ नकद रुपए बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों का उपचार पूरा होने के बाद उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी ताकि लूट की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई उपचार के बाद की जाएगी और शेष लूटे गए माल की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं।
LATEST NEWS