शिवकाली मंदिर के प्रांगण में सजे राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप, 300 से अधिक बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
वाराणसी। बरेका स्थित शिवकाली मंदिर का प्रांगण रविवार को श्री राधा-कृष्ण के बाल स्वरूपों की मनमोहक प्रस्तुतियों से भक्तिमय हो उठा। उद्धव फाउंडेशन वाराणसी के तत्वावधान में 20 सितंबर 2026 को श्री राधा-कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 300 से अधिक बच्चों ने अलग-अलग वर्गों में हिस्सा लिया और मंच पर भगवान श्रीकृष्ण तथा राधा के विभिन्न स्वरूपों को जीवंत किया।
पांच वर्गों में हुई प्रतियोगिता
प्रतियोगिता को प्रतिभागियों की आयु और प्रस्तुति के आधार पर लल्ला वर्ग, कान्हा वर्ग, कृष्णा वर्ग, किशोरी वर्ग और समूह वर्ग में विभाजित किया गया था। लल्ला वर्ग में 3 वर्ष तक, कान्हा वर्ग में 6 वर्ष तक, कृष्णा वर्ग में 12 वर्ष तक, किशोरी वर्ग में 18 वर्ष तक तथा समूह वर्ग में 18 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने प्रस्तुतियां दीं। छोटे-छोटे बच्चों के राधा-कृष्ण स्वरूप में मंच पर पहुंचते ही मंदिर परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. पूनम सिंह खरवार, अन्नपूर्णा श्रीवास्तव तथा संस्था की महामंत्री पल्लवी वार्ष्णेय ने भगवान श्रीकृष्ण के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत संयोजक पायल सरल द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद संस्था की महामंत्री पल्लवी वार्ष्णेय ने मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए और उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
कृष्ण की लीलाओं ने मोहा दर्शकों का मन
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को मंच पर प्रस्तुत किया। लल्ला वर्ग के प्रतिभागियों ने ‘मैं नहीं माखन खायो’ और मटकी फोड़ने की लीला प्रस्तुत की। कान्हा वर्ग के बच्चों ने कालिया वध का मंचन किया, जबकि कृष्णा वर्ग के प्रतिभागियों ने गोवर्धन पर्वत उठाने की लीला को प्रस्तुत किया। किशोरी वर्ग की राधा स्वरूप प्रतिभागियों ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
आठ घंटे चला कार्यक्रम
करीब आठ घंटे चले इस कार्यक्रम का संचालन कुमकुम पटेल, रेखा वर्मा, जया कुमारी, संगीता भट्टाचार्य और पायल सरल ने किया। कार्यक्रम का संयोजन राकेश वर्मा, अशोक वार्ष्णेय, आलोक भट्टाचार्य, संजय श्रीवास्तव और नवोदिता भट्टाचार्य ने किया। प्रतियोगिता में श्रीमती अंजना श्रीवास्तव, गोविंद वर्मा, भीमसेन सरल और अनामिका प्रसाद ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
विभिन्न वर्गों में प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान
प्रतियोगिता के परिणाम में लल्ला वर्ग में सान्वी, कान्हा और वैष्णो कुशवाहा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। कान्हा वर्ग में शिवादित्य त्रिपाठी, स्पर्श यादव और अभिराज श्रीवास्तव क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। कृष्णा वर्ग में अदे्जा भंडारी, अनन्या कुमारी और युवराज ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। किशोरी वर्ग में इशिता केसरी, धनश्री वर्मा और काशीवि गुप्ता ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समूह वर्ग में टीएसडी इंग्लिश स्कूल, जूही नृत्य कला केंद्र और नटराज कला केंद्र के प्रतिभागियों ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की अतिथियों और दर्शकों ने सराहना की।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के समापन पर अग्रसेन इंटर कॉलेज के उप प्रधानाचार्य श्री रामकुमार गुप्ता ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर आलोक मिश्रा, आरती टंडन, रुचि श्रीवास्तव, दिव्या मेहता, फिजियोथैरेपिस्ट आरके सिन्हा, संजय श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
LATEST NEWS