वाराणसी में संबित पात्रा का राहुल गांधी पर हमला, बोले- 13 करोड़ वोट चोरी का आरोप भ्रामक, एसआईआर मतदाता सूची सुधारने की प्रक्रिया
वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में एसआईआर को लेकर जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को वोट चोरी से जोड़ना गलत है। राहुल गांधी के 13 करोड़ वोट चोरी होने के आरोप को खारिज करते हुए पात्रा ने कहा कि यह आंकड़ा चोरी हुए वोटों का नहीं, बल्कि अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित है।
एसआईआर को बताया मतदाता सूची सुधारने की प्रक्रिया
संबित पात्रा ने कहा कि देश में अब तक 12 बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है। उनके अनुसार, इनमें 10 बार यह प्रक्रिया कांग्रेस के शासनकाल में और दो बार भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के शासनकाल में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण होता था, तब इस पर आपत्ति नहीं जताई गई, लेकिन अब इसी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखना है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में रहें और अपात्र नामों की पहचान हो सके।
राहुल गांधी और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर राहुल गांधी की ओर से उठाए गए सवालों पर भी पात्रा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि फरवरी 2025 में ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त बने, जबकि इससे पहले भी कांग्रेस कई विधानसभा चुनावों में हार का सामना कर चुकी थी। पात्रा ने आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाती है।
घुसपैठ और बंगाल चुनाव का भी किया जिक्र
घुसपैठ के मुद्दे पर संबित पात्रा ने कहा कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार भारत के नागरिकों का होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख नहीं अपनातीं। पात्रा ने असम का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा सरकार घुसपैठियों की पहचान करने की दिशा में काम कर रही है और एसआईआर के जरिए मतदाता सूची का सत्यापन भी जरूरी है।
पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों पर भी उन्होंने जवाब दिया। पात्रा ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने की बात कही जा रही है, उनमें भी तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। उन्होंने इन उदाहरणों के जरिए विपक्ष के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर सवाल उठाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने एसआईआर, मतदाता सूची की शुद्धता, घुसपैठ और चुनाव आयोग की भूमिका जैसे मुद्दों पर भाजपा का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। हालांकि, एसआईआर और वोट चोरी को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर राजनीतिक बहस जारी है।
LATEST NEWS