वाराणसी में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई कर सुनी नागरिकों की समस्याएं
वाराणसी: कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय गुरुधाम में नियमित जनसुनवाई का आयोजन किया। प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत सामाजिक तथा क्षेत्रीय समस्याओं को विधायक के सामने रखा। जनसुनवाई के दौरान विधायक ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित तथा प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। यह जनसुनवाई सुबह 11 बजे से शुरू होकर अपराह्न 4 बजे तक लगातार चली जिसमें विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।
पर्यटन विभाग से जुड़ी शिकायत पर दिए निर्देश
जनसुनवाई के दौरान आमोद दत्त शास्त्री ने पर्यटन विभाग से संबंधित एक शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से पेइंग गेस्ट हाउस संचालकों पर इसे होम स्टे में परिवर्तित कराने का दबाव बनाया जा रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सहायक निदेशक पर्यटन वाराणसी को अपने कर्मचारियों को इस संबंध में सचेत करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की अनावश्यक दबाव की स्थिति उत्पन्न न हो और नियमों के अनुरूप ही कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बिजली कनेक्शन से जुड़ी समस्या के समाधान का निर्देश
जनसुनवाई में जेपीएस नगर निवासी हरेंद्र सिंह ने बिजली विभाग से जुड़ी समस्या सामने रखी। उन्होंने बताया कि उनके घर का पुराना बिजली कनेक्शन सुशीला सिंह के नाम से था जिनका निधन हो चुका है। कनेक्शन को पीडी कराने के लिए पिछले पांच महीनों से बिजली विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर विधायक ने मुख्य अभियंता विद्युत वाराणसी को मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि आवेदक की समस्या का समाधान शीघ्र हो सके।
रामनगर क्षेत्र में सीवर समस्या को लेकर भी उठी शिकायत
रामनगर निवासी दिवाकर ने जनसुनवाई में बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान उनके घर का सीवर पाइप नाले में दब गया है जिसके कारण सीवर का पानी वापस घर में आने लगा है। इस समस्या को सुनने के बाद विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।
मारपीट की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई का निर्देश
तपोवन रामनगर निवासी अनिल बाल्मीकि ने अपने पड़ोसी पर मारपीट और गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए विधायक ने थानाध्यक्ष रामनगर को प्रार्थी की शिकायत दर्ज कर दोषी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए और शिकायतों का निष्पक्ष समाधान होना चाहिए।
हर बुधवार को आयोजित होती है जनसुनवाई
विधायक सौरभ श्रीवास्तव की ओर से हर बुधवार को आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए विभागीय स्तर पर त्वरित पहल सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे विधायक के सामने रखीं और तत्काल कार्रवाई के निर्देश मिलने से संतोष भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर जनसुनवाई के संचालन में सहयोग के लिए कुशाग्र श्रीवास्तव रितिक मिश्रा और रजनीश पाठक भी उपस्थित रहे और लोगों की शिकायतों को दर्ज कराने तथा संबंधित विभागों तक पहुंचाने में सहयोग किया।
LATEST NEWS