वाराणसी: अब आधुनिक और नए स्वरूप में दिखेंगे शहर के 6 थाने, जर्जर भवनों की जगह मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
योगी सरकार का फोकस-पुलिस आधुनिकीकरण और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में वाराणसी के छह थानों को जल्द ही नए और अत्याधुनिक प्रशासनिक भवन की सौगात मिलने जा रही है। जर्जर हो चुके पुराने भवनों की जगह अब सुविधाओं से लैस आधुनिक ढांचे तैयार किए जा रहे हैं, जिससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आम जनता को अधिक सुविधा मिल सके।
इन थानों को मिलेगा नया भवन
इस परियोजना के तहत शिवपुर, फूलपुर, लालपुर पांडेयपुर, मिर्जामुराद, राजातालाब और बड़ागांव थानों के भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इन सभी थानों को भूतल प्लस दो मंजिला आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल पुलिसिंग की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि जनता और पुलिस के बीच संवाद भी मजबूत होगा।
करीब 2922 लाख रुपये की लागत से बन रहे आधुनिक थाने
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि इन छह थानों के निर्माण पर लगभग 2922.77 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रत्येक थाना लगभग 2582.77 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य तेजी से जारी है और इसे अगस्त से सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
आगंतुकों के लिए अलग सुविधा, शिकायत कक्ष भी होगा
नए भवनों में आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। आगंतुकों के लिए अलग से विजिटर रूम और शिकायत कक्ष बनाए जा रहे हैं, ताकि लोग आसानी से अपनी समस्या दर्ज करा सकें। साथ ही महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला रेस्ट रूम और महिला हवालात की भी व्यवस्था की जा रही है।
थानों में होंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं
इन नए थानों में एसएचओ कक्ष, सब-इंस्पेक्टर कक्ष, हेड कांस्टेबल कक्ष, जवानों के लिए बैरक, स्टाफ रूम, विजिटर रूम, शिकायत कक्ष, महिला रेस्ट रूम, महिला हवालात, पुरुष हवालात, मालखाना, कंप्यूटर सर्वर रूम, डायल 112 कक्ष, मीटिंग हॉल, किचन, डाइनिंग हॉल, स्टोर रूम, रिक्रिएशन रूम और इंटेरोगेशन रूम जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बेहतर सुविधाओं से बढ़ेगा पुलिसकर्मियों का मनोबल
अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर रहते हैं और कई बार उन्हें लगातार लंबे समय तक काम करना पड़ता है। ऐसे में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आरामदायक सुविधाएं मिलने से उनके कार्य करने की क्षमता और मनोबल दोनों में वृद्धि होगी। आधुनिक भवन बनने से पुलिसकर्मियों को न केवल बेहतर कार्यस्थल मिलेगा, बल्कि उन्हें आवश्यक आराम और संसाधन भी उपलब्ध हो सकेंगे।
सरकार की इस पहल को कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आधुनिक थानों के निर्माण से जहां पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, वहीं आम जनता को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
LATEST NEWS