वाराणसी: यूपी कॉलेज में छात्र की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी मंजीत चौहान गिरफ्तार
अमित मिश्रा की रिपोर्ट : वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित यू0पी0 कॉलेज में छात्र की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना शिवपुर पुलिस और एसओजी वाराणसी की संयुक्त टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर वांछित अभियुक्त मंजीत चौहान को दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तारी का समय, स्थान और आरोपी का विवरण
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त मंजीत चौहान पुत्र उमेश कुमार निवासी चाँदमारी बड़ालालपुर, थाना शिवपुर, वाराणसी, उम्र लगभग 20 वर्ष को दिनांक 21 मार्च 2026 को सुबह करीब 05:45 बजे रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज, शिवपुर के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाज कराने जा रहा है, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
हत्या की घटना का पूरा विवरण
यह घटना 20 मार्च 2026 की है, जब वादी के अनुसार उसका मित्र और सहपाठी सूर्यप्रताप सिंह यू0पी0 कॉलेज के प्रशासनिक भवन के पास कक्ष संख्या 12 के बाहर खड़ा था। इसी दौरान किसी विवाद को लेकर कॉलेज के ही छात्र मंजीत चौहान और उसके साथी अनुज सिंह ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल सूर्यप्रताप सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद थाना शिवपुर में मु0अ0सं0-0134/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें बाद में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोत्तरी की गई। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा द्वारा की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी मंजीत चौहान ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह यू0पी0 कॉलेज का छात्र है और मृतक सूर्यप्रताप सिंह द्वारा उसे और उसके दोस्तों को रैगिंग के नाम पर अक्सर परेशान किया जाता था। घटना वाले दिन भी उसे धमकाया गया था, जिससे गुस्से में आकर उसने अपने साथी अनुज सिंह के साथ मिलकर सूर्यप्रताप पर 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी।
आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह प्रशासनिक भवन की छत पर चढ़कर पीछे की ओर कूदकर फरार हो गया था, जिससे उसके पैर और माथे पर चोट भी आई। भागते समय इस्तेमाल की गई पिस्टल घटनास्थल पर ही गिर गई थी। पुलिस जब उसे गिरफ्तार करने पहुंची, तब वह इलाज कराने जा रहा था।
घटनास्थल से बरामद हुए हथियार
फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल, 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक बुलेट बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम और कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन को पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अंजाम दिया गया। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के नेतृत्व में थाना शिवपुर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, उपनिरीक्षक अनिकेत श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल लकवकुश कुमार और कांस्टेबल किशन सोनकर शामिल रहे। इसके साथ ही एसओजी प्रभारी और फील्ड यूनिट टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अन्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी अनुज सिंह की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है। इस घटना ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों के बीच बढ़ते विवादों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
LATEST NEWS