मीरजापुर में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश घायल, चार गिरफ्तार, 40 पेटी शराब बरामद
मीरजापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की भोर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
वनस्थली महाविद्यालय के पास हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार अहरौरा क्षेत्र के वनस्थली महाविद्यालय के पास पुलिस को शराब चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान कार से आ रहे संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गोली लगी।
घायल और गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने बताया कि चंदौली जिले के नियामताबाद थाना क्षेत्र के सिरसी निवासी करन बिंद और परडी निवासी गंगाराम के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। वहीं मौके से दिलारीडीह अलीनगर (चंदौली) निवासी आर्यन यादव और रामभरोस को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अल्टो कार और एक मैजिक वाहन बरामद किया है। इन वाहनों में चोरी की गई करीब 40 पेटी देशी शराब लदी हुई थी। इसके अलावा दो तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा के अनुसार गिरफ्तार आरोपित लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय थे और अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाकर शराब की चोरी करते थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इनके खिलाफ सोनभद्र, चंदौली, अदलहाट, संतनगर और देहात कोतवाली क्षेत्रों में शराब, बैटरी और सोलर पैनल चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
घायलों का इलाज जारी, न्यायालय भेजे गए आरोपी
मुठभेड़ में घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और आगे भी अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
LATEST NEWS