Sun, 19 Oct 2025 11:50:43 - By : Garima Mishra
यूपी के गाजीपुर जिले में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। लीलापुर अमवाघाट पर गंगा स्नान कर रही तीन लड़कियां नदी में डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक तीनों लड़कियों का पता नहीं चल पाया है।
घटना रविवार सुबह लगभग 6.15 बजे करंडा थाना क्षेत्र में हुई। डूबी हुई लड़कियों की पहचान रामजनपुर निवासी पूनम यादव (18) पुत्री रामबचन, रोली यादव (16) पुत्री राजदेव और खुशी यादव (14) पुत्री बबलू के रूप में हुई है। तीनों अन्य महिलाओं और लड़कियों के साथ गंगा स्नान के लिए आई थीं। अधिकारियों के अनुसार, स्नान के दौरान वे गहरे पानी में चली गईं, जिससे यह हादसा हुआ।
करंडा थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया है। आसपास के लोगों की मदद से खोजबीन जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे नदी के गहरे और खतरनाक हिस्सों में न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा गहरे पानी में गोताखोरी और सुरक्षा उपायों को तेज कर दिया गया है। खोजबीन अभियान में नाव और डाइविंग टीमों की मदद ली जा रही है। परिवार और गांववाले घटनास्थल पर जुट गए हैं और अधिकारियों के सहयोग से बचाव कार्य में लगे हुए हैं।