Sun, 12 Oct 2025 16:12:47 - By : Tanishka upadhyay
कानपुर में पुलिस की कार्रवाई दीपावली के मौके पर अवैध पटाखा बिक्री रोकने के लिए लगातार जारी है। चौथे दिन की रेड में कोतवाली, मूलगंज और अनवरगंज थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई और करीब एक कुंतल अवैध पटाखा बरामद किया गया। पुलिस ने अवैध रूप से बिक्री करने वाले दुकानदारों और गोदाम संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
कोतवाली थाने की पुलिस ने सूटकेश की दुकान से भारी मात्रा में अवैध पटाखा बरामद किया। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सूटकेश की दुकान के पीछे अवैध रूप से पटाखा रखा गया था। मेस्टन रोड पर बीच वाले मंदिर से लगभग 50 मीटर दूरी पर स्थित बांके लाल एंड सन्स में छापेमारी के दौरान लगभग 40 किलो पटाखा जब्त किया गया। दुकानदार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पूछताछ जारी है और और माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मूलगंज थाना क्षेत्र के बिसाली बाजार में भी पुलिस ने छापेमारी की। थर्ड फ्लोर पर स्थित फ्लैट 42/124 में भारी मात्रा में अवैध पटाखा रखा गया था। जांच में पता चला कि यह गोदाम बिसाली बाजार के अकबर और समीर का था। पुलिस ने 60 किलो अवैध पटाखा बरामद किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अनवरगंज थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई, जिसके तहत अवैध पटाखा बिक्री की रोकथाम के लिए स्थानीय दुकानों और गोदामों की जांच की गई। पुलिस का कहना है कि दीपावली से पहले अवैध रूप से पटाखा बेचकर मोटी कमाई करने वाले लोगों के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कानपुर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल अवैध पटाखा बिक्री रोकने के लिए है, बल्कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम है।