Thu, 18 Dec 2025 00:04:16 - By : SUNAINA TIWARI
नई दिल्ली : आस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बोंडी बीच पर हुए हमले के बाद आरोपी साजिद अकरम की पृष्ठभूमि को लेकर नई जानकारियां सामने आई हैं। तेलंगाना खुफिया विभाग के सूत्रों के अनुसार हैदराबाद निवासी साजिद अकरम ने वर्ष 2022 में सिडनी में रहते हुए अपने भारतीय पासपोर्ट का नवीनीकरण कराया था। यह प्रक्रिया वहीं पूरी की गई थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उस समय वह कानूनी रूप से भारतीय नागरिक के तौर पर दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी कर रहा था। जांच एजेंसियां अब उसके यात्रा इतिहास और दस्तावेजों की गहनता से समीक्षा कर रही हैं ताकि उसकी गतिविधियों की पूरी कड़ी सामने लाई जा सके।
सूत्रों के मुताबिक साजिद अकरम वर्ष 2001 में अपनी यूरोपीय मूल की पत्नी को निकाह समारोह के लिए हैदराबाद लाया था। इसके बाद वह अपने बेटे नवीद को भी भारत लेकर आया और अपने माता पिता से मिलवाया। रिकॉर्ड के अनुसार साजिद 2001 से 2022 के बीच कुल छह बार भारत आया और उसकी आखिरी यात्रा 2022 में दर्ज की गई। वहीं उसका बेटा नवीद दो बार हैदराबाद आया था। पहली बार वर्ष 2004 में और दूसरी बार 2016 में। इन यात्राओं के दौरान किसी आपराधिक गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
खुफिया सूत्रों का यह भी कहना है कि साजिद अकरम लंबे समय से आस्ट्रेलिया की नागरिकता प्राप्त करने की कोशिश में था। उसने इसके लिए आवेदन भी किया था लेकिन किसी कारणवश प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और मामला लंबित बना रहा। वह स्थायी रूप से आस्ट्रेलिया में बसना चाहता था और वहीं भविष्य बनाने की इच्छा रखता था। नागरिकता में देरी को लेकर उसके असंतोष की बात भी जांच के दायरे में है। भारतीय और आस्ट्रेलियाई एजेंसियां अब आपसी समन्वय के साथ उसके अतीत के संपर्कों यात्राओं और कानूनी स्थिति की पड़ताल कर रही हैं ताकि पूरे मामले की पृष्ठभूमि स्पष्ट हो सके।