जनपद बलिया में पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और अपराधियों को प्रभावी सजा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस और अभियोजन विभाग के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 04.02.2026 को पुलिस लाइन बलिया स्थित सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) बलिया कृपा शंकर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में अभियोजन अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, मॉनिटरिंग सेल, कोर्ट मुहर्रिर, सम्मन सेल और जनपद के समस्त पैरोकारों ने सहभागिता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करना और गंभीर अपराधों में दोषियों को अधिक से अधिक सजा दिलाना रहा।
अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि टॉप 10 माफिया से संबंधित मामलों में विशेष ध्यान देते हुए मजबूत साक्ष्य और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियोजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से ही न्यायालय में मामलों की सफलता दर बढ़ाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकरण में लापरवाही न हो।
बैठक में एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, जघन्य अपराध, तथा सीएम डैशबोर्ड से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि इन मामलों में समयबद्ध तामिला, गवाहों की उपस्थिति, समन वारंट की प्रभावी तामील और साक्ष्यों की मजबूती पर विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस और अभियोजन दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अभियोजन पक्ष की ओर से SPO पी एन स्वामी, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार त्रिपाठी, APO बीरपाल सिंह, DGC संजीव कुमार सिंह, ADGC नरेश कुमार यादव, ADGC विजय शंकर पाण्डेय, AD DGC विष्णुदत्त पाण्डेय, ADGC विमल कुमार राय, ADGC अजय कुमार तिवारी, ADGC देवनारायण, ADGC संदीप कुमार तिवारी तथा ADGC अशोक कुमार ओझा उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग की ओर से प्रभारी DCRB निरीक्षक अशोक कुमार, रीडर उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, प्रभारी सम्मन सेल तहसीलदार सिंह, एवं जनपद के समस्त थानों के पैरोकार और कोर्ट मुहर्रिर भी बैठक में मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ करें।
बैठक के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर ने कहा कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत सफल अभियोजन न केवल अपराधियों में भय पैदा करता है, बल्कि आम जनता का कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर विश्वास भी मजबूत करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में इस प्रकार की समीक्षा बैठकें लगातार आयोजित की जाएंगी, ताकि जनपद बलिया में अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
