भदोही में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आई बाइक, 34 वर्षीय सोनी बिंद की दर्दनाक मौत
भदोही-ज्ञानपुर मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 34 वर्षीय सोनी बिंद की दर्दनाक मौत हो गई। मूसीलाटपुर स्थित चिंतामणि इंटर कॉलेज के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार विवाहिता का शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाइक चला रहे उनके पति दिनेश बिंद को मामूली खरोंच तक नहीं आई, लेकिन पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
ननिहाल से लौटते समय हुआ हादसा
प्रयागराज जनपद के बरौत चकपाली गांव निवासी दिनेश बिंद ने बताया कि वह अपनी पत्नी सोनी बिंद के साथ पिपरिस गांव स्थित उनके ननिहाल से घर लौट रहे थे। रविवार को दोनों मामा सूर्यबलि बिंद के घर आए थे। सोमवार सुबह करीब आठ बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी मूसीलाटपुर के पास चिंतामणि इंटर कॉलेज के समीप यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच थी। बताया जा रहा है कि इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे सड़क की दोनों पटरियां क्षतिग्रस्त हैं। ऐसे में तेज रफ्तार भारी वाहन के कारण बाइक सवार संतुलन नहीं बना सके और डंपर की चपेट में आ गए।
पति बदहवास, मौके पर जुटी भीड़
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पत्नी की मौत से दिनेश बिंद बदहवास हो गए थे और उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलते ही पिपरिस, संभई भटानी, कुरौना हवाई पट्टी सहित आसपास के गांवों से रिश्तेदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सोनी बिंद का मायका उगापुर हवाई पट्टी स्थित कुरौना गांव में बताया गया है, जबकि पिपरिस गांव में उनका ननिहाल है। घटना की जानकारी मिलते ही बरौत चकपाली स्थित ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने भदोही-ज्ञानपुर मार्ग पर बोल्डर, पाइप और बाइक रखकर चक्का जाम कर दिया। सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। लगभग आधे घंटे तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका।
अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है। उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त सड़कों पर तेज गति से चल रहे वाहनों के कारण हादसों की आशंका बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और डंपर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
LATEST NEWS