द्वारका में चेन स्नैचिंग का खुलासा, साले-बहनोई गिरफ्तार, 250 CCTV फुटेज से मिला सुराग
द्वारका जिले के बिंदापुर थाना पुलिस की क्रैक टीम ने सोने की चेन लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन (36) और उसके साले रोहन सेठ (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई चेन का आधा हिस्सा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
स्कूल से लौट रही छात्रा को बनाया निशाना
उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार, यह घटना 28 मार्च की दोपहर की है। शिकायतकर्ता ध्वनि शर्मा स्कूल से घर लौट रही थी। उसी दौरान उत्तम नगर वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से आकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली।
छीना-झपटी के दौरान चेन बीच से टूट गई, जिसका आधा हिस्सा छात्रा के पास रह गया, जबकि बाकी हिस्सा आरोपी लेकर फरार हो गए।
250 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पकड़े आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी डाबरी संजीव कुमार और बिंदापुर थाना प्रभारी नरेश सांगवान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के जरिए वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की।
पहले चंदन फिर रोहन दबोचा गया
जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले मोटरसाइकिल के मालिक चंदन को बक्करवाला इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साले रोहन सेठ की संलिप्तता का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने निहाल विहार में छापेमारी कर रोहन को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से चेन का लूटा हुआ हिस्सा बरामद किया।
कर्ज और बेरोजगारी बनी अपराध की वजह
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बेरोजगार हैं और उन पर कर्ज का बोझ था। घर के खर्चों को पूरा करने और कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने झपटमारी का रास्ता अपनाया।
अन्य मामलों में भी जांच जारी
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आशंका है कि वे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हो सकते हैं।
LATEST NEWS