हरदोई में सराफा लूट का 5 दिन में खुलासा, मुठभेड़ में 3 बदमाश घायल, 3 गिरफ्तार
हरदोई पुलिस ने टड़ियावां क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का महज पांच दिन में सफल खुलासा कर दिया है। मंगलवार देर रात स्वाट, एसओजी और टड़ियावां पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटे गए सभी जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
कैसे हुई थी लूट की वारदात
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के अनुसार, 3 अप्रैल की शाम गोपामऊ निवासी सराफा व्यापारी सर्वेश रस्तोगी अपने बेटे गौरव रस्तोगी के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाजारपुरवा के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक की चाबी लेकर डिग्गी में रखे जेवरात और नकदी से भरा बैग लूट लिया। बैग में करीब 1.5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण थे। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
सीसीटीवी और सर्विलांस से मिली सफलता
घटना के बाद आईजी के निर्देश पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। एएसपी पश्चिमी, सीओ हरियावां और सीओ सिटी के नेतृत्व में एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीमें लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थीं और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही थीं।
मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल
मंगलवार रात पुलिस हरिहरपुर मार्ग पर दधनामऊ पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में सीतापुर जिले के प्रियांशू वर्मा, प्रशांत शुक्ला और तुषार रस्तोगी के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे सचिन कश्यप और दो नाबालिगों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 24,100 रुपये नकद, बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, दो बाइक और तीन तमंचे बरामद किए गए हैं।
गिरोह का सरगना प्रियांशू वर्मा
एसपी के अनुसार, प्रियांशू वर्मा गिरोह का सरगना है, जिसके खिलाफ लखीमपुर और सीतापुर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तुषार रस्तोगी पर भी लूट का मामला दर्ज है। गिरोह के सदस्य रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे।
नाबालिग से कराई गई थी रेकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि सराफा व्यापारी को लूटने से पहले गिरोह के नाबालिग सदस्य ने दो दिन पहले रेकी की थी। मौका मिलने पर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
घटना का सफल खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
LATEST NEWS