मैट्रिमोनियल साइट्स पर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, नाइजीरियाई सरगना गिरफ्तार
गौतम बुद्ध नगर साइबर क्राइम पुलिस ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स के जरिए महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाकर करोड़ों रुपये ठगने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना, नाइजीरियाई नागरिक सैमुअल ओगुन उर्फ स्टेपनी डेरिक को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है।
फर्जी पहचान बनाकर करता था ठगी
डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल के अनुसार, 38 वर्षीय आरोपी खुद को बड़ा व्यवसायी या विदेशी नागरिक बताकर मैट्रिमोनियल साइट्स पर सक्रिय रहता था। वह आकर्षक प्रोफाइल और तस्वीरों के माध्यम से शादी की तलाश कर रही महिलाओं से संपर्क करता और धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसा लेता था।
कस्टम में फंसे पार्सल के नाम पर ठगी
आरोपी पहले महिलाओं से विश्वास कायम करता और फिर शादी का झांसा देकर बताता कि वह विदेश से अपना कारोबार समेटकर भारत आ रहा है। इसके बाद वह नकली फ्लाइट टिकट और दस्तावेज भेजता। कुछ समय बाद महिलाओं को यह कहकर झांसे में लेता कि उसका महंगा सामान एयरपोर्ट के कस्टम में फंस गया है, जिसे छुड़ाने के लिए तत्काल पैसे की जरूरत है। पीड़िताएं उसके झांसे में आकर अलग-अलग बैंक खातों में लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक ट्रांसफर कर देती थीं।
फर्जी लोन के नाम पर भी करता था धोखाधड़ी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को ठगता था। पुलिस के मुताबिक, नोएडा में उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं, जिनमें एक महिला से करीब 56 लाख रुपये और दूसरे मामले में 1 करोड़ 26 लाख रुपये की ठगी की गई है।
बरामद हुए कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्जी दस्तावेज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, वाई-फाई राउटर, डोंगल, कई सिम कार्ड, 1800 नाइजीरियाई नायरा विदेशी मुद्रा, दो अलग-अलग नामों के पासपोर्ट और बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। इन बरामदगी से गिरोह के व्यापक नेटवर्क का अंदाजा लगाया जा रहा है।
कई राज्यों में फैला हो सकता है नेटवर्क
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय रहा है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी आरोपी के खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। साइबर क्राइम पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और भारतीय सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार के आर्थिक लेनदेन से पहले पूरी तरह सत्यापन अवश्य करें।
LATEST NEWS