मेरठ में पूर्ति विभाग की छापेमारी, तीन रेस्टोरेंट से घरेलू गैस सिलेंडर बरामद
मेरठ के हापुड़ रोड पर पूर्ति विभाग की टीम ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों के चलते बुधवार को तीन रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। इस दौरान व्यावसायिक उपयोग के लिए निर्धारित कामर्शियल सिलेंडरों की जगह घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध इस्तेमाल पाया गया।
हाजी सईद चिकन कार्नर पर सबसे बड़ी कार्रवाई
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुनील कुमार और पूर्ति निरीक्षक अंकुश कुमार ने पुलिस टीम के साथ शाहपी गेट निवासी यासीन के हापुड़ रोड स्थित हाजी सईद चिकन कार्नर रेस्टोरेंट में छापा मारा। जांच के दौरान रेस्टोरेंट में भट्ठियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग होते पाया गया।
टीम ने मौके से तीन भारत गैस, चार एचपी गैस और एक इंडेन गैस कंपनी के सिलेंडर जब्त किए। सभी सिलेंडर घरेलू उपयोग के थे, जिनका व्यवसायिक कार्य में उपयोग नियमों के खिलाफ है।
एसके चिकन कार्नर और क्लासिक टी स्टाल पर भी कार्रवाई
इसके बाद टीम कोटला निवासी जावेद के एसके चिकन कार्नर रेस्टोरेंट पहुंची, जहां से एक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया गया। वहीं हापुड़ रोड स्थित क्लासिक टी स्टाल पर छापेमारी के दौरान दो घरेलू सिलेंडर बरामद हुए।
रेस्टोरेंट संचालकों को दी गई चेतावनी
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुनील कुमार ने सभी रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में कामर्शियल सिलेंडरों की जगह घरेलू सिलेंडरों का उपयोग करते पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे गैस की कालाबाजारी को भी बढ़ावा मिलता है। इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
LATEST NEWS