प्रयागराज: आभूषण कारोबारी लूटकांड में फरार मुख्य आरोपी की तलाश तेज, कई जगह पुलिस की दबिश
प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में आभूषण कारोबारी से लूट की घटना के नौ दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। मांडा पुलिस के साथ ही तीन विशेष टीमें फरार आरोपी छैला बाबू सरोज की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। गंगापार के नवाबगंज, सोरांव और मऊआइमा क्षेत्र में कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी अभी तक हाथ नहीं लगा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
24 फरवरी को हुई थी लूट की वारदात
नई बाजार भारतगंज निवासी प्रदीप सोनी आभूषण व्यवसायी हैं। 24 फरवरी की देर शाम वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चकडीहा पंचायत भवन के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर तमंचे के बट से हमला किया और लूट की घटना को अंजाम दिया।
इस संबंध में प्रदीप के भाई रंजीत कुमार सोनी ने मांडा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में बताया गया था कि बदमाश बैग में रखे करीब 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, एक लाख रुपये नकद और लाइसेंसी रिवाल्वर लूट ले गए।
एक आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने पांच टीमों का गठन किया था। सोमवार देर रात हाटा-गिरधरपुर मार्ग स्थित जंगल के पास से पुलिस ने अंकित गौतम निवासी कटरा कोड़हार, नवाबगंज को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से लूटी गई लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद की गई।
पूछताछ में अंकित ने बताया कि उसने अपने साथियों अंशू दुबे निवासी कसारी कौड़िहार अटरमपुर, नवाबगंज और छैला बाबू सरोज निवासी बरैज श्रृंग्वेरपुर, नवाबगंज के साथ मिलकर घटना से पहले बाजार में रेकी की थी। जब प्रदीप सोनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में वारदात को अंजाम दिया गया।
एक आरोपी ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
अंकित ने यह भी बताया कि उसका साथी अंशू दुबे घटना के अगले ही दिन अपनी जमानत तुड़वाकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है।
मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी छैला बाबू सरोज अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो आरोपी पर इनाम घोषित करने की भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
LATEST NEWS