लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही बनने का सपना संजोए लाखों युवाओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से परीक्षा तिथियों की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार अब समाप्त हो गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 के तहत होने वाली लिखित परीक्षा की तारीखों का औपचारिक ऐलान कर दिया है। बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार सिपाही भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8 जून (सोमवार), 9 जून (मंगलवार) और 10 जून (बुधवार) को प्रदेशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का आयोजन तीन दिनों तक दो-दो पालियों में किया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। इस भर्ती अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस में कुल 32,679 पदों को भरा जाएगा। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों की सूची, एडमिट कार्ड, परीक्षा की समय-सारिणी और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर समय रहते जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
योगी सरकार का बड़ा फैसला, अभ्यर्थियों को मिली ऐतिहासिक राहत
सिपाही भर्ती-2025 को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार का एक अहम निर्णय अभ्यर्थियों के लिए संजीवनी साबित हुआ है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर प्रस्तावित सीधी भर्ती–2025 में अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान किया गया है। यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली–1992 के नियम-3 के तहत लिया गया है।
सरकार का यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के क्रम में 5 जनवरी 2026 को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया। इस निर्णय से उन हजारों युवाओं को बड़ी राहत मिली है, जो आयु सीमा के कारण अब तक पुलिस भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे थे। माना जा रहा है कि इस शिथिलीकरण से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिलेगा।
पिछली भर्ती ने रचा था इतिहास
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा वर्ष 2024 में कांस्टेबल के कुल 60,244 पदों पर भर्ती की गई थी, जो प्रदेश सरकार की अब तक की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती मानी जाती है। इस भर्ती प्रक्रिया में महिला सशक्तिकरण को भी विशेष प्राथमिकता दी गई और चयनित पदों में से 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखते हुए उन्हें नियुक्ति प्रदान की गई।
अब सिपाही भर्ती-2025 की परीक्षा तिथियों की घोषणा के साथ ही प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों की तैयारियों को स्पष्ट दिशा मिल गई है। जून में होने वाली यह परीक्षा न सिर्फ युवाओं के करियर का अहम पड़ाव होगी, बल्कि प्रदेश पुलिस को नई ऊर्जा और मजबूत मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगी।
