वाराणसी में “Zero Fatality District” अभियान के तहत हाईवे निरीक्षण, दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए सख्त निर्देश
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के वरुणा जोन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और मृत्यु दर को न्यूनतम करने के उद्देश्य से “Zero Fatality District (ZFD)” अभियान के तहत 17 एवं 18 मार्च 2026 को हाईवे का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन श्री प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम के साथ सम्पन्न हुआ।
चौबेपुर व चोलापुर क्षेत्र में हुआ निरीक्षण
निरीक्षण अभियान के अंतर्गत थाना चौबेपुर एवं चोलापुर क्षेत्र के हाईवे और लिंक मार्गों का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान एसीपी (यातायात) सुश्री मानसी दहिया तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ श्री मनीष सक्सेना के पर्यवेक्षण में दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदमों के निर्देश दिए गए।
17 मार्च: सदंहा से कैथी टोल प्लाजा तक सुरक्षा उपाय
निरीक्षण के दौरान सदंहा फ्लाईओवर पर साइन बोर्ड लगाने, गोल चक्कर पर संकेतक स्थापित करने और चौराहे से आगे कैट आई ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए। रिंग रोड से उतरने वाले मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाने तथा सदंहा से कैथी तक 21 अवैध कटों को बंद कराने के निर्देश जारी किए गए।
इसके अतिरिक्त उमरहा बाजार में फुटओवर ब्रिज (FOB) निर्माण, स्ववेद मंदिर के सामने अवैध क्रॉसिंग रोकने के उपाय, हाईवे पर W-Barrier लगाने और ढकवा कट को बंद कराने जैसे महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए। सभी लिंक रोड्स पर स्पीड ब्रेकर लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
18 मार्च: लालपुर से दानगंज मार्ग पर कड़े निर्देश
दूसरे दिन लालपुर से दानगंज तक निरीक्षण करते हुए लालपुर चौराहे पर स्पीड ब्रेकर, आजमगढ़ हाईवे पर रम्बल स्ट्रिप्स और कैट आई लगाने के निर्देश दिए गए। पाण्डेयपुर मार्ग और हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के आसपास भी रिफ्लेक्टर और ब्रेकर लगाने की बात कही गई।
चौराहों पर स्पीड डिटेक्टर कैमरे लगाने, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने और अवैध यू-टर्न तथा कट बंद कराने के निर्देश भी दिए गए। एमएलसी वीमित सिंह के आवास के सामने अवैध कट को बंद कराने और उल्लंघन करने वालों को नोटिस जारी करने की बात भी कही गई।
त्वरित कार्रवाई के निर्देश, निरंतर होगी निगरानी
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि सभी बिंदुओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि “Zero Fatality District” अभियान के तहत निरंतर निरीक्षण और समीक्षा की जाएगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
LATEST NEWS