वाराणसी में विश्व हिंदू परिषद ने सांसद पप्पू यादव की सद्बुद्धि के लिए किया यज्ञ गिरफ्तारी की उठाई मांग
वाराणसी: इंग्लिशिया लाइन स्थित हिंदू भवन में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के विरोध में सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के चित्र का अपमान किया गया तथा साधु संतों के प्रति अभद्र टिप्पणी कर सनातन धर्म को बदनाम करने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने तीखी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।
नारेबाजी के बीच हुआ सद्बुद्धि यज्ञ
कार्यकर्ता हिंदू भवन परिसर में एकत्र हुए और सद्बुद्धि यज्ञ में आहुति देकर सांसद पप्पू यादव को सद्बुद्धि मिलने की कामना की। इस दौरान पप्पू यादव को गिरफ्तार करो और साधु संतों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं और संत समाज का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और समाज इस प्रकार की घटनाओं का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करता रहेगा।
वक्ताओं ने जताई कड़ी आपत्ति
यज्ञ के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सांसद पप्पू यादव के कथित कृत्य से पूज्य साधु संतों और संपूर्ण हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। उनका कहना था कि इस घटना से देश भर के सनातन अनुयायियों में आक्रोश है। वक्ताओं ने कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा सपा और कांग्रेस के अन्य सांसदों द्वारा किए गए प्रदर्शन की भी आलोचना करते हुए इसे निम्न स्तरीय राजनीतिक आचरण बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक प्रतीकों और संत समाज का सम्मान प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है और इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं हैं।
कानूनी कार्रवाई की मांग
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि यदि किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं होती है तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में क्षेत्र सत्संग प्रमुख दिवाकर जी सह प्रांत मंत्री सत्य प्रकाश सिंह विभाग मंत्री कन्हैया जी विनय जी सत्येंद्र जी राजन जी कार्यालय प्रमुख भूपेंद्र जी सुमित जी विकल्प जी सच्चिदानंद जी सियाराम जी सहित विश्व हिंदू परिषद के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में धार्मिक आस्था के सम्मान की बात कहते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।
रिपोर्ट सियाराम तिवारी
LATEST NEWS