वाराणसी में पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सिपाही अमित शुक्ला को लगीं तीन गोलियां; मुठभेड़ में एक बदमाश घायल
असलहा तस्करों की तलाश में पहुंची लंका पुलिस की क्राइम टीम पर हमला, दो संदिग्ध हिरासत में और मुख्य हमलावर फरार; लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस मुठभेड़ में राज विश्वकर्मा के पैर में लगी गोली
वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में शुक्रवार देर शाम पुलिस टीम पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। असलहा तस्करों की तलाश में दबिश देने पहुंची लंका थाने की क्राइम टीम पर तीन युवकों ने अचानक गोलियां चला दीं। इस हमले में सिपाही अमित शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तीन गोलियां लगी हैं, जिनमें एक गोली हाथ में और दो गोलियां पेट में लगी हैं। घायल सिपाही को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर सब्जी मंडी के पीछे स्थित आशुतोष नगर की है। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ युवक अवैध असलहों के साथ मौजूद हैं और असलहा तस्करी से जुड़े हो सकते हैं। सूचना के आधार पर लंका थाने की क्राइम टीम के चार सिपाही मौके पर पहुंचे। वहां तीन युवक मिले, जिनसे पुलिसकर्मियों ने पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो युवकों को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि तीसरे युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर बचाव किया, लेकिन इस दौरान सिपाही अमित शुक्ला गोलियों की चपेट में आ गए। उनके हाथ में एक और पेट में दो गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़े। वहीं, फायरिंग करने वाला युवक घटना का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल साथी को अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल पहुंचे घटनास्थल, तीन टीमें गठित
पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ घायल सिपाही अमित शुक्ला के उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। अधिकारियों को फरार हमलावर की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हमलावर की तलाश और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और असलहा तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल में जुटी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, राज विश्वकर्मा घायल
इसी मामले से जुड़े घटनाक्रम में लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने की जानकारी सामने आई है। इस दौरान राज विश्वकर्मा नामक बदमाश के पैर में गोली लगी। उसे पुलिस ने घायल अवस्था में अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि राज विश्वकर्मा सिपाही अमित शुक्ला पर गोली चलाने की घटना में शामिल हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में उसकी भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि असलहा तस्करी की सूचना के पीछे कौन लोग सक्रिय थे, आरोपियों के पास हथियार कहां से पहुंचे और पुलिस टीम पर हमला करने वाले युवक का किन लोगों से संपर्क था। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रयागराज के रहने वाले हैं घायल सिपाही अमित शुक्ला
हमले में गंभीर रूप से घायल सिपाही अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के वर्करगंज के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम सूर्य मणि शुक्ला बताया गया है। परिवार में उनकी तीन वर्षीय एक बेटी भी है। अमित शुक्ला पिछले करीब तीन वर्षों से वाराणसी के लंका थाने में तैनात हैं। इससे पहले वह वाराणसी एसओजी में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) से भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
नरिया और सुंदरपुर जैसे व्यस्त इलाकों के आसपास पुलिस टीम पर हुई इस फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि असलहा तस्करों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम को ही हमले का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता घायल सिपाही का बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने के साथ फरार हमलावर को गिरफ्तार करना और इस पूरे मामले में शामिल लोगों की पहचान करना है। पुलिस जांच आगे बढ़ने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।
LATEST NEWS