जंसा पुलिस ने गुमशुदा युवती को सकुशल किया बरामद, परिजनों को सौंपा
सर्विलांस सेल की मदद से मंडुवाडीह क्षेत्र से मिली 23 वर्षीय पूजा पटेल
वाराणसी, 25 फरवरी 2026। थाना जंसा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार पूजा पटेल पुत्री हीरावती देवी, निवासी जलालपुर, थाना जंसा, जनपद वाराणसी, उम्र लगभग 23 वर्ष, को सर्विलांस सेल की सहायता से मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से बरामद किया गया।
उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी 2026 को पूजा पटेल अपने माता-पिता से नाराज होकर बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद युवती की माता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना जंसा में गुमशुदगी दर्ज की गई थी।
गठित टीम ने लगातार की तलाश
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद उपनिरीक्षक पवन कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा जंसा तथा मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक नेहा सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से युवती की संभावित लोकेशन ट्रैक की और विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की।
सतत प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और युवती को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी की गई।
परिजनों को किया सुपुर्द
पूछताछ के दौरान सामने आया कि युवती पारिवारिक नाराजगी के चलते घर छोड़कर चली गई थी। सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन कार्यालय की ओर से बताया गया कि गुमशुदगी के मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया सेल, पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा जारी।
LATEST NEWS