कोतवाली पुलिस ने कम्पनी बाग से गांजा बेचते युवक को पकड़ा, 200 ग्राम गांजा व 13,080 रुपये बरामद
मुखबिर की सूचना पर हरिश्चंद्र पार्क के पास कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
वाराणसी, 25 फरवरी 2026। अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 200 ग्राम अवैध गांजा और बिक्री से प्राप्त 13,080 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कार्यालय पुलिस उपायुक्त, काशी जोन द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
हरिश्चंद्र पार्क के पास बैठकर कर रहा था बिक्री
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी 2026 को मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हरिश्चंद्र पार्क क्षेत्र में रात से घूमते हुए एक झोले में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
विसर्जन कुंड के पास कम्पनी गार्डेन क्षेत्र में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर पत्थर की बेंच पर एक संदिग्ध युवक बैठा मिला, जिसके नीचे एक झोला रखा था। मुखबिर द्वारा इशारा करने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर झोले से 200 ग्राम गांजा और 13,080 रुपये नकद बरामद हुए।
बलिया का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आशुतोष सिंह पुत्र रक्षपाल सिंह, निवासी कीर्तपुर थाना बासडी कचहरी जनपद बलिया, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 50/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम
गिरफ्तारी एवं बरामदगी की कार्रवाई उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, चौकी प्रभारी काल भैरव थाना कोतवाली के नेतृत्व में की गई। टीम में कांस्टेबल विकेश कुमार, गोविन्द सिंह, शिवाजी चन्द्र एवं शुभम सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
LATEST NEWS