सहारनपुर के चिलकाना में मुठभेड़ के बाद 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
सहारनपुर जिले के चिलकाना थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार कांबिंग कर रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना चिलकाना पुलिस साईफन पुलिया से बुड्ढाखेड़ा जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति साईफन पुलिया की ओर से आते दिखाई दिए।
पुलिस को देखकर भागे, पीछा करने पर की फायरिंग
पुलिस टीम को देखकर दोनों संदिग्ध अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल उनका पीछा किया। करीब सौ मीटर आगे जाकर जब बदमाशों को लगा कि वे पुलिस से घिर चुके हैं तो उन्होंने बाइक गिराकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। दूसरा आरोपी जंगल और आम के घने बाग का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चला रही है।
घायल बदमाश की पहचान और बरामदगी
घायल बदमाश की पहचान बिलाल पुत्र जमशेद निवासी ग्राम टोडरपुर थाना चिलकाना जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर की देसी पिस्टल जिंदा कारतूस 3100 रुपये नगद और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चिलकाना थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में डकैती लूट चोरी रंगदारी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 28 मुकदमे दर्ज हैं।
लूट के मामले में था वांछित
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश थाना सरसावा क्षेत्र में दर्ज बाइक लूट के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में हत्या गोकशी चोरी लूट डकैती और अवैध नशे के कारोबार को रोकने के लिए लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह सफलता मिली है। घायल बदमाश का इलाज जारी है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
LATEST NEWS