वाराणसी में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कपसेठी पुलिस की कार्रवाई, तीन पशु तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी कमिश्नरेट के गोमती जोन अंतर्गत थाना कपसेठी पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिकअप मैजिक वाहन, दो गोवंश, नशीला लिक्विड, सिरिंज, रस्सी और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर वाहन चेकिंग में मिली सफलता
पुलिस उपायुक्त कार्यालय गोमती जोन से जारी प्रेस नोट के अनुसार दिनांक 18 फरवरी 2026 की रात्रि में थाना कपसेठी के उपनिरीक्षक रवि प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक करुणा सागर तिवारी तथा उनकी टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक मैजिक वाहन में गोवंश को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर गैरहा के पास घेराबंदी कर वाहन संख्या UP 62 AT 3674 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो गोवंश बंधे हुए पाए गए। साथ ही एक शीशी में नशीला लिक्विड, सिरिंज और सुई बरामद हुई, जिसका उपयोग पशुओं को बेहोश करने के लिए किया जाता है। वाहन से एक रस्सी भी मिली, जिससे गोवंश को बांधा गया था।
तीनों आरोपी मौके से गिरफ्तार
वाहन चालक की पहचान ओम यादव पुत्र रमेश यादव निवासी ग्राम भुलईपुर थाना चौरी जनपद भदोही उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई। उसके साथ वाहन में सवार मनोज यादव उर्फ संतोष यादव पुत्र झिम्मल यादव उम्र 31 वर्ष तथा मिथलेश यादव उर्फ दीना यादव पुत्र कमलाशंकर यादव निवासी ग्राम भुलईपुर थाना चौरी जनपद भदोही को भी गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान मनोज यादव उर्फ संतोष यादव के कब्जे से एक अवैध बाका चाकू भी बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना कपसेठी में मु0अ0सं0 030 वर्ष 2026 के अंतर्गत धारा 4 बटा 25 आर्म्स एक्ट, धारा 3 बटा 5A बटा 8 गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। साथ ही संबंधित वाहन के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई है।
पूछताछ में गिरोह से जुड़ाव की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह के सदस्य आसपास के क्षेत्रों से गोवंशी पशुओं को एकत्र कर मैजिक वाहन में लादकर बिहार के विभिन्न स्थानों पर वध के लिए ठेकेदारों को बेचते थे। इस कार्य से प्राप्त धनराशि को आपस में बांटकर अपने परिवार की जरूरतें पूरी करते थे।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क की पूरी कड़ी को खंगाला जा रहा है, ताकि इस अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त मनोज यादव उर्फ संतोष यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध थाना कोन जनपद सोनभद्र में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने मौके से एक मैजिक वाहन संख्या UP 62 AT 3674, दो गोवंश, एक अवैध बाका चाकू, एक शीशी नशीला लिक्विड मय सिरिंज और सुई तथा एक रस्सी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने बताया कि पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
LATEST NEWS