तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो युवकों की मौत, तीन घायल
शामली जनपद के एलम कस्बे में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
एक ही बाइक पर सवार थे तीन युवक
बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गांव असारा निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से कांधला की ओर जा रहे थे। बाइक पर 25 वर्षीय मोइन पुत्र अब्बास, 27 वर्षीय मोइन पुत्र लुकमान और साहुल सवार थे।
जैसे ही उनकी बाइक एलम कस्बा स्थित श्मशान घाट के समीप पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मचा हड़कंप
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने मोइन पुत्र अब्बास और मोइन पुत्र लुकमान को मृत घोषित कर दिया।
एक ही नाम के दो दोस्तों की मौत से शोक
एक ही नाम के दो दोस्तों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव असारा में शोक की लहर दौड़ गई है।
तीन अन्य घायल, जिला अस्पताल रेफर
हादसे में बाइक सवार तीसरा युवक साहुल तथा कार में सवार प्रदीप और बालेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
हेलमेट नहीं पहना था
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
LATEST NEWS