होली पर हुड़दंग और सड़क हादसों में घायल 119 से अधिक मरीज एलएलआर अस्पताल पहुंचे
कानपुर में होली के दौरान हुड़दंग, सड़क हादसों और रंगों के दुष्प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। एलएलआर अस्पताल की इमरजेंसी में 119 से अधिक मरीज भर्ती किए गए। इनमें आंखों में केमिकल युक्त रंग जाने से 13 लोगों को कॉर्नियल इंजरी हुई, जबकि बिना हेलमेट बाइक चलाने के कारण कई लोग सिर में गंभीर चोट के साथ अस्पताल पहुंचे।
सिर में चोट और हड्डी टूटने के कई मामले
एलएलआर अस्पताल के सीएमएस डॉ. विकास कटियार ने बताया कि होली के दिन बड़ी संख्या में घायल इमरजेंसी में पहुंचे। बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले 27 लोग सिर में चोट के साथ न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती हुए। वहीं हड्डी टूटने के 13 मरीज आर्थो विभाग में भर्ती किए गए। इसके अलावा आंखों में रंग जाने से 13 मरीज नेत्र रोग विभाग में कॉर्नियल इंजरी के साथ भर्ती किए गए।
इमरजेंसी में पहले से थी विशेष तैयारी
चार मार्च को मेडिसिन विभाग में 29, बाल रोग विभाग में सात, आर्थो विभाग में आठ, चेस्ट चिकित्सालय में छह, गायनी विभाग में पांच, न्यूरोलॉजी में पांच, न्यूरो सर्जरी में 22 और सर्जरी विभाग में पांच मरीज भर्ती किए गए। सभी घायलों का पहले रेड जोन में प्राथमिक उपचार किया गया, इसके बाद संबंधित विभागों के वार्ड में शिफ्ट किया गया।
पांच मार्च को भी मरीजों की संख्या कम नहीं रही। इस दिन मेडिसिन विभाग में 13, बाल रोग में तीन, आर्थो विभाग में पांच, गायनी में पांच, न्यूरोलॉजी में एक और न्यूरो सर्जरी विभाग में पांच मरीज भर्ती किए गए।
ट्रामा केयर व्यवस्था से मरीजों को मिला त्वरित इलाज
एलएलआर अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक प्रो. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि इमरजेंसी में ट्रामा केयर की विशेष व्यवस्था पहले से की गई थी, जिससे मरीजों को तुरंत इलाज मिल सका। रेड जोन को विशेष रूप से ट्रामा के लिए सुरक्षित रखा गया था, जहां सड़क हादसे और गंभीर चोट वाले मरीजों का इलाज कर उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया।
उर्सुला और कांशीराम अस्पताल में भी पहुंचे घायल
होली के दिन उर्सुला अस्पताल की इमरजेंसी में 22 और कांशीराम चिकित्सालय में 17 घायल भर्ती हुए। उर्सुला अस्पताल के निदेशक डॉ. बीसी पाल ने बताया कि यहां न्यूरो, आर्थो और मेडिसिन से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही।
कांशीराम चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि सात ऐसे मामले आए थे जिनमें सिर और हड्डियों में गंभीर चोट थी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में ही किया जा रहा है।
LATEST NEWS