सुलतानपुर में बकरी चराने के विवाद में चचेरे भाई ने मारी गोली, लखनऊ ले जाते समय घायल की मौत
सुलतानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के मनियारी गांव में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बकरी चराने को लेकर हुए झगड़े में चचेरे भाई ने बड़े भाई को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से शाहिद हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इमामबाड़े के पास हुई कहासुनी
घटना बंधुआकला क्षेत्र के मनियारी मजरे दाऊदपुर की है। शाहिद हुसैन पुत्र आबिद हुसैन के खेत में उनके चचेरे भाई शेहरूल हुसैन पुत्र नजर हुसैन की बकरी चर रही थी। इसे लेकर शाहिद ने फोन कर शिकायत की।
बताया गया कि शाहिद गांव के इमामबाड़े के पास मौजूद थे। वहीं पर दोनों के बीच आमना-सामना हुआ और कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर शेहरूल ने कथित रूप से तमंचे से फायर कर दिया। गोली शाहिद के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
लखनऊ ले जाते समय तोड़ा दम
परिजन तत्काल उन्हें सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। हालांकि लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही शाहिद हुसैन ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से मनमुटाव चला आ रहा था।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी सौरभ सावंत और बंधुआकला थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ सिटी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
LATEST NEWS