जौनपुर में युवती के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, मतांतरण के लिए दबाव बनाने का भी आरोप
जौनपुर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र में युवती के अपहरण, दुष्कर्म और मतांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से युवती को अपने जाल में फंसाकर उसका शोषण कर रहा था।
पीड़िता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
थाना प्रभारी गजानंद चौबे के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव की 22 वर्षीय युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि अशफाक नामक युवक उसे काफी समय से बहला-फुसलाकर अपने संपर्क में रखे हुए था और मतांतरण के लिए दबाव बना रहा था।
पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया और लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करता रहा। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और मतांतरण के लिए प्रेरित करने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
हौज टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर मंगलवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हौज टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस कर रही मामले की आगे जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
LATEST NEWS