वाराणसी में चाट विक्रेता ने लगाई फांसी, होली की रात घर के किचन में मिला शव
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में होली की रात एक चाट विक्रेता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कछवांरोड चौराहा के पास स्थित ठटरा गांव की है। मृतक की पहचान संदीप मोदनवाल (36) के रूप में हुई है, जो चाट और गोलगप्पे का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। सुबह जब पत्नी ने किचन में जाकर देखा तो पति का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
किचन में पंखे की कुंडी से लगाई फांसी
मृतक संदीप मोदनवाल मिर्जामुराद थानांतर्गत कछवांरोड के ठटरा गांव निवासी श्यामलाल मोदनवाल का इकलौता पुत्र था। वह कछवांरोड चौराहा के पास ठेले पर चाट-गोलगप्पे की दुकान लगाता था। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात वह पत्नी को ससुराल से लेकर घर लौटा था। रात में दोस्तों से मिलने के बाद घर आया और पत्नी तथा बच्चों के साथ कमरे में सो गया।
रात में किसी समय वह कमरे से सटे किचन में चला गया। वहां कुर्सी पर खड़े होकर पंखे की कुंडी के सहारे गमछे से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह पत्नी ने देखा तो मचा कोहराम
सुबह जब पत्नी अंजली की नींद खुली और वह किचन में गई तो पति का शव फांसी के फंदे से लटकता देख सन्न रह गई। उसने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
सूचना मिलने पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि स्थानीय लोगों में चर्चा है कि संदीप पिछले कुछ दिनों से किसी कारणवश मानसिक तनाव में था।
परिवार में मचा मातम
मृतक अपने पीछे पत्नी अंजली, 13 वर्षीय पुत्र यश और 8 वर्षीय पुत्री परी को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
LATEST NEWS