सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में वाराणसी पुलिस को प्रदेश में चौथा स्थान
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशन में माह जनवरी 2026 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने प्रदेश स्तर पर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि कुल 51 विभिन्न पैरामीटरों पर आधारित मूल्यांकन के बाद हासिल हुई है। पुलिस विभाग के अनुसार यह रैंकिंग सतत समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग और लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली का परिणाम है।
51 पैरामीटर पर होता है मूल्यांकन
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग पॉलिसी 51 प्रमुख बिंदुओं पर आधारित होती है। इनमें अपराध नियंत्रण, विवेचना निस्तारण, पुरस्कार घोषित और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, डायल 112 की रिस्पांस टाइम, गौ तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई, एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्यवाही, महिला अपराधों में हस्तक्षेप, एससी एसटी एक्ट, गुण्डा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तथा विभिन्न प्रकरणों में न्यायालय से दोषसिद्धि सुनिश्चित करना शामिल है।
साप्ताहिक समीक्षा और मॉनिटरिंग का असर
पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल द्वारा सभी पैरामीटरों की साप्ताहिक समीक्षा और निरंतर मॉनिटरिंग की जाती रही है। इसी के परिणामस्वरूप जनवरी माह की जारी रैंकिंग में वाराणसी पुलिस को प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ। पिछले छह महीनों से वाराणसी लगातार प्रदेश के टॉप 10 जनपदों में अपनी जगह बनाए हुए है।
अंतिम दस से टॉप 10 तक का सफर
वर्ष 2023 और 2024 में सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में वाराणसी प्रायः प्रदेश के अंतिम दस जिलों में स्थान पाता था। लेकिन लगातार सुधारात्मक प्रयास, जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया और प्रभावी मॉनिटरिंग से स्थिति में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। अब वाराणसी पुलिस लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है और प्रदेश स्तर पर शीर्ष जनपदों में शामिल है।
महिला अपराध और ऑपरेशन कनविक्शन में बेहतर प्रदर्शन
महिला अपराधों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी मॉनिटरिंग के कारण जनपद का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। ऑपरेशन कनविक्शन के अंतर्गत सशक्त विवेचना, मजबूत पैरवी और सतत समीक्षा के माध्यम से न्यायालयों में दोषियों को सजा दिलाने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है।
नागरिक सेवाओं में दक्ष और परिणामोन्मुख पुलिसिंग
समग्र प्रदर्शन में उच्च अंक प्राप्त कर वाराणसी ने सिटीजन सर्विसेज के क्षेत्र में उत्तरदायी और परिणामोन्मुख पुलिसिंग का उदाहरण प्रस्तुत किया है। विभाग के अनुसार यह उपलब्धि पुलिस और प्रशासनिक इकाइयों के बीच समन्वय तथा निरंतर कार्यसुधार की प्रक्रिया का परिणाम है।
LATEST NEWS