पीडीडीयू नगर: ईद और रामनवमी पर भीड़ प्रबंधन को लेकर रेलवे की उच्चस्तरीय बैठक
पीडीडीयू नगर में आगामी ईद-उल-फितर और रामनवमी के मद्देनज़र यात्रियों की संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडल कार्यालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मंथन
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और ट्रेनों के सुचारु संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
होल्डिंग एरिया और कतार प्रबंधन पर जोर
अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जाने, चरणबद्ध प्रवेश व्यवस्था लागू करने और कतार प्रबंधन को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और आवश्यकता अनुसार सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा के लिए बढ़ेगा समन्वय और निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और अन्य संसाधनों के माध्यम से स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता
बैठक में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और उद्घोषणा प्रणाली को सुचारु रखने पर भी चर्चा की गई। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
टिकट जांच और ट्रेन संचालन पर भी फोकस
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि भीड़ के समय प्रवेश नियंत्रण और टिकट जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि यात्रियों का आवागमन सुगम बना रहे। साथ ही ट्रेनों के संचालन, ठहराव और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं लागू करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
LATEST NEWS